मवाना। ग्राम फिटकरी निवासी नीलकमल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शौचालय निर्माण की मांग की है। कहा कि घर में शौचालय न होने के कारण परिवार के लोग बाहर शौच जाने को मजबूर हैं। उसकी पत्नी अक्सर बीमार रहती है, जिस कारण उसे शौच के लिए बाहर जाने में काफी परेशानी होती है। पीड़ित ने डीएम से पात्र लोगों के यहां शौचालय बनवाने की मांग की।
लापता युवक की बरामदगी की मांग
मवाना। किसान मजदूर उत्थान मोर्चा के लोगों ने एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव से लापता युवक की बरामदगी की मांग की है। मोहल्ला हीरालाल निवासी राजू पुत्र कटार सिंह करीब एक माह लापता हो गया था। परिजनों ने बताया कि लापता होने से एक दिन पहले उसकी एक युवक के साथ कहासुनी हो गई थी। युवक ने राजू के घर जाकर उसके परिवार के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया था। आरोप है कि पुलिस ने बाद में बिना कार्रवाई के ही उन्हें छोड़ दिया। पीड़ितों ने कहा कि एक माह से राजू का कोई सुराग नहीं लगा है। इस दौरान कटार सिंह, कमल सिंह, सुरेंद्र सिंह, धनपाल सिंह, हरलाल सिंह, संग्राम सिंह, मान सिंह, जयपाल सिंह, जिले सिंह, जितेंद्र, विनोद गुर्जर आदि मौजूद रहे।