अमर उजाला ब्यूरो
सरधना।
नगर पालिका की ओर से तहसील रोड पर सड़क निर्माण और फुटपाथ पर टाइल्स लगाने के काम कोतवाली पुलिस की वजह से अधर में है। पुलिस ने सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर जब्त वाहन खड़े कर रखे हैं। इससे ठेकेदार को काम में परेशानी आ रही है। वहीं पुलिस अधिकारी वाहन खड़े करने के लिए जगह न होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। वहीं मामले में एसडीएम जल्द वाहनों को सड़क से हटवाने की बात कह रहे हैं।
दूसरों को कानून पर पाठ पढ़ाने वाली पुलिस ही सड़क पर कब्जा कर नियम कानूनों को ताक पर रखे है। कई सालों से कोतवाली पुलिस ने मुख्य गेट से लेकर काफी दूरी तक जब्त किए गए आधा दर्जन से अधिक वाहन खड़े करा रखे हैं। कुछ समय पहले पालिका ने इस सड़क की मरम्मत कराई तो ठेकेदार को सड़क निर्माण में परेशानी हुई। लोगों ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। इसके बाद पुलिस ने कुछ वाहनों को सड़क से हटवाया। फिर भी सड़क निर्माण सही तरह से नहीं हो सका। करीब चार महीने पहले सड़क के दोनों तरफ टायल्स लगवाने का कार्य शुरू हुआ। लेकिन कोतवाली के सामने ही पुलिस की हठधर्मिता के चलते काम अधर में लटका है। ठेकेदार व लोगों की शिकायत के बाद भी कोतवाली पुलिस ने वाहनों को नहीं हटवाया। इस संबध में सीओ भीम सिंह गौतम से बात की गई तो उन्होंने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया।
हमारे पास जगह नहीं
कोतवाली पुलिस के पास वाहन खड़ा कराने के लिए सड़क के सिवाय कोई जगह नहीं है। हमें सड़क निर्माण पूरा होने या न होने से कोई मतलब नहीं है। भीम सिंह गौतम, सीओ सरधना
जल्द हटवाएंगे वाहन
कोतवाली के सामने खडे़ वाहनों को जल्द हटवाया जाएगा। अधर में लटके सड़क निर्माण को पूरा कराया जाएगा।
राकेश कुमार सिंह एसडीएम सरधना
खास बातें
कोतवाली ने सड़क पर खडे़ कर रखे हैं आधा दर्जन से अधिक वाहन
सड़क निर्माण और फुटपाथ पर टाइल्स लगाने के लिए ठेकेदार परेशान
एसडीएम ने जल्द सड़क पर खडे़ वाहनों को हटवाने के लिए कहा