चार माह पहले हुए हादसे के मामले में पुलिस ने जब्त की थी ट्रैक्टर-ट्राली
ट्रैक्टर मालिक व चालक की बिना गिरफ्तारी किए माल की सुपुदगी की
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा।
चार माह पहले हापुड़ रोड पर हादसे के बाद पकड़ा गया ट्रैक्टर पुलिस जांच में बाइक के नंबर पर चलता मिला है। ट्रैक्टर की ट्राली में लदे लोहे के लट्ठों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया था। ट्रैक्टर मालिक और चालक की गिरफ्तारी न होने के बाद भी पुलिस ने उक्त माल को सुपुुर्दगी में दे दिया। जबकि हादसे में एक युवक की कुचलकर मौत हो गई थी। पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी मेरठ से शिकायत की है।
गांव पांची निवासी नवीन पुत्र नरेश के अनुसार चार माह पहले 9 मई को उसका भाई सतीश व गांव का राहुल पुत्र रामपाल बाइक से गांव लौट रहे थे। खरखौदा में जनता इंटर कालेज के सामने ट्रैक्टर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। इसमें सतीश की मौत हो गयी थी। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर को माल सहित कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने मामले की जांच की तो ट्रैक्टर बाइक के नंबर पर चलता मिला। बाद में थाना पुलिस ने बिना ट्रैक्टर चालक व मालिक की गिरफ्तारी के ही उक्त माल को हापुड़ के सिकंदर गेट पुलिस चौकी के पास में फावड़ा बनाने का कारखाना चला रहे निजामुददीन की सुपुर्दगी में दे दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने बुलंदशहर निवासी ट्रैक्टर मालिक का पता भी कर लिया है। लेकिन पुलिस न तो ट्रैक्टर मालिक को ही गिरफ्तार कर रही है और न ही चालक को। पीडित का आरोप है कि मामले में जांच कर रहा दरोगा बुलंदशहर जाने के लिये गाड़ी की मांग कर रहा है। मामले में पीड़ित ने एसएसपी मेरठ से शिकायत की है। मामले में थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि जांचकर्ता ने कोई गाड़ी की मांग नहीं की है। मामले की जानकारी कर जल्द ही जांच अधिकारी से बात कर ट्रैक्टर स्वामी को गिरफ्तार कराया जायेगा।