भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष नरेश चौधरी ने गांव मुबारिकपुर में बीडीओ व प्रधान पर अवैध वसूली कर जोहडों पर दबंगों को कब्जा कराने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया है।
तहसील अध्यक्ष ने ज्ञापन में कहा है कि जोहड़ के एक ओर कुछ लोगों से रुपया लेकर जेसीबी मशीन नहीं चलवाई। इनके द्वारा किए गए कब्जे को ज्यों का त्यों रहने दिया। वहीं दूसरी ओर गरीब बस्ती के लोगों की ओर जेसीबी मशीन चलवाकर 20 फीट गहरी खाई खुदवा दी है। खाई में लोगों के पशु गिरे तो उनकी मौत हो जाएगी। उन्होंने अवैध कब्जों को कब्जा मुक्त कराने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान शौ सिंह का कहना है कि आरोप निराधार है। उन्होंने जोहड़ के चारों सफाई कराई है। लखनऊ से आई टीम ने जहां तक निशान लगाए थे, वहां तक सफाई कराई गई है। अधिकारी मामले की जांच करा लें। एसडीएम का कहना है कि शिकायत उनको मिली है। उनके द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।