संयु्क्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल एक्सईएन से मिलते हुए। (स्त्रोत एसोसिएशन) मवाना)
- समस्या के समाधान की मांग के लिए एसडीएम व एक्सईएन से मिले व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता और बाद में एसडीएम से मिले। स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करने के 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति चालू नहीं होने आदि की शिकायतों से अवगत कराया। साथ ही कहा कि बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने से 150 उपभोक्ता अंधेरे में हैं।
प्रतिनिधिमंडल एक्सईएन सतीश चंद्र से उनके कार्यालय में मिला और स्मार्ट मीटर की अघोषित कटौती पर रोष व्यक्त किया। एक्सईएन ने बताया कि सर्वर डाउन होने की वजह से यह परेशानी आई है। अगले 24 घंटे में समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधि एसडीएम संतोष कुमार सिंह से मिला और बताया कि क्षेत्र में लगभग 150 उपभोक्ताओं की 24 से 48 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण उत्पन्न जन संकट के संबंध में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। रिचार्ज करने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बंद है।
एसडीएम ने उपखंड अधिकारी को कॉल कर तुरंत ऐसे कनेक्शन जिन्होंने प्लस में पैसे डाल दिए हैं, चालू करने के आदेश देते हुए शाम तक समस्या समाप्त करने के लिए कहा। व्यापार मंडल अध्यक्ष शैवाल दुबलिश ने बताया कि विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त खंभे भी ठीक नहीं किए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल में राजबीर चौधरी, मांगेराम मित्तल, अंकित जैन, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।