15 दिन में पांच लाख 65 हजार का टीकाकरण करने की तैयारी
- 50 साल से ज्यादा उम्र वालों का टीकाकरण
- 4517 लगाए जाएंगे सत्र, एक दिन में 300 से अधिक सत्र
- निजी अस्पतालों का भी लिया जाएगा सहयोग
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। अब 50 साल से ज्यादा उम्रवालों का टीकाकरण शुरू होगा। इसकी तैयारी जोरों पर है। शासन ने 15 टीकाकरण दिवसों पर टीकाकरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यानी करीब दो माह के भीतर टीकाकरण पूरा करने की कोशिश है।
इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने शासन को प्लान बनाकर भेजा है। इसमें करीब 5 लाख 65 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगना है। इसके लिए 4517 सत्र लगाए जाएंगे और एक दिन में 300 से अधिक सत्र लगाए जाने की तैयारी है। इस संबंध में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ शासन के अफसरों की ऑनलाइन मीटिंग भी हुई। इसमें तैयारी करने की हिदायत दी गई है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के टीकाकरण में स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों का भी सहयोग लगने की तैयारी कर रहा है। देहात में प्राइमरी और माध्यमिक विद्यालयों में सेशन लगाए जा सकते हैं, लेकिन शहरी क्षेत्र में अस्पतालों की भी जरूरत लग रही है। आईएमए के पदाधिकारियों से भी वार्ता की जाएगी। हालांकि सत्रों में बदलाव संभव है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि मार्च की कौन सी तारीख से इसकी शुरुआत की जाएगी। वैसे, 15 मार्च संभावित तारीख लग रही है।
कल 4569 कोरोना योद्धाओं को लगेगा टीका
मेरठ। सोमवार को 25 स्थानों पर 36 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन पर 4569 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। यह मॉपअप राउंड है, यानी इस दिन टीके से बचे हुए फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जाएगा। जिन स्थानों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे, वे ब्रह्मपुरी यूपीएचसी, कैंट यूपीएचसी, महिला अस्पताल, जिला अस्पताल, मवाना, मेडिकल कॉलेज, परीक्षितगढ़, भावनपुर, सरधना और सुभारती मेडिकल कॉलेज हैं। ब्यूरो