अवैध निर्माण रोकने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान
मेरठ। एमडीए ने एक बार फिर जोन-बी पर फोकस करते हुए 15 दिन का विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। इसके लिए एमडीए उपाध्यक्ष मृदुल चौधरी ने 30 मेट सहित सभी नए अवर अभियंताओं और नोडल अधिकारियों को तैनात कर दिया है। ये सभी अवैध निर्माणों की सूची बनाकर नियमानुसार कार्रवाई करने की रिपोर्ट उपाध्यक्ष को देंगे। इसके लिए एक-एक अवर अभियंता को उपजोनवार बांटे गए क्रम में सात से आठ मेट को कार्य करने के लिए सौंपा गया है।
पांच जनवरी को उपाध्यक्ष ने जोन-बी में शामिल रोहटा रोड, पल्लवपुरम, कंकरखेड़ा और मवाना रोड क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें कई ऐसे अवैध निर्माण मिले, जिनका मानचित्र स्वीकृत नहीं था। इस पर जोनल अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अवर अभियंताओं से रिपोर्ट तलब करने के साथ ही आठ मेट निलंबित कर दिए थे। 23 जनवरी को चार अवर अभियंता और एक सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी थी। वहीं, जोनल अधिकारी मनोज कुमार सिंह की जगह अधिशासी अभियंता राजीव कुमार सिंह की तैनाती कर दी। अब इसी जोन पर पैनी नजर रखने के लिए नए अधिकारियों की तैनाती कर 15 दिन में अवैध निर्माण चिह्नित करने के आदेश दिए हैं।
इन क्षेत्रों में चलेगा अभियान
बी 1 - मवाना रोड पर कमिश्नरी चौराहे से बाईं ओर का क्षेत्र सैनी गांव डिफेंस कॉलोनी, मवाना रोड, कसेरुखेड़ा, ईशापुरम और अम्हेड़ा रोड
बी 2- सोफीपुर गांव से दौराला तक दायीं ओर, एकता नगर, इंद्रपस्थ एस्टेट फेस- प्रथम, द्वितीय, पल्लवपुरम फेस-प्रथम, द्वितीय, रायल पार्क, मधुर विहार, अक्षरधाम, एटूजेड कॉलोनी, अजंता, वर्धमान कॉलोनी, टोल प्लाजा क्षेत्र, शोभित विवि के पीछे, लावड़ रोड, दौराला, ग्रीन सिटी, सोफीपुर, लावड़ रोड, गंगोत्री कॉलोनी और शीलकुंज
बी 3 - कंकरखेड़ा ओवर ब्रिज से दायीं और बायीं ओर, सरधना रोड दोनों तरफ का क्षेत्र, सैनिक विहार, डिफेंस एंक्लेव, श्रद्धापुरी फेस- प्रथम, द्वितीय, कंकरखेड़ा, एनएच-58, पावली रोड और खिर्वा रोड
बी 4 - मेरठ बाईपास पर श्रद्धापुरी से आगे आबूनाले से रोहटा रोड तक दायीं और बायीं ओर, कैंट रेलवे लाइन तक क्षेत्र
---
जोनवार की गई तैनाती
अवर अभियंता - सुबोध कुमार सिन्हा- बी 1, राजेश त्यागी- बी2, संजय वशिष्ठ- बी3, योगेश चंद गुप्ता बी4,
नोडल अधिकारी - सुभाष चंद गौतम, सहायक अभियंता, नीरज कुमार, सहायक अभियंता
----दूसरी खबर----इसके साथ ही इनसेट----
पार्क और खुले स्थलों के नौ खसरे वेबसाइट पर अपलोड
मेरठ। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) की सख्ती के बाद एमडीए ने खसरों की सूची बना ली है। महायोजना-2021 के भू-उपयोग के अनुसार प्रस्तावित पार्क, खुले स्थल, हरित पट्टिका, क्रीड़ा स्थल के खसरे वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं, ताकि अवैध निर्माण पर इन खसरों के अनुसार कार्रवाई की जा सके। पिछले दिनों एनजीटी के आदेश पर ही एमडीए ने बागपत बाईपास की तरफ 20 से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया था।
19 जनवरी को एनजीटी ने पार्क एवेन्यू, आनंद विहार, योगीपुरम कॉलोनी में अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण के आदेश दिए हैं। वहीं, सबसे बड़ा सवाल है कि जिस समय यहां निर्माण किया गया उस समय अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण क्यों नहीं किया। अगर पार्क और खुले स्थल पर निर्माण कार्य किया जा रहा था तो वहां कार्रवाई करने से एमडीए अधिकारी क्यों बचते रहे।
एमडीए की तरफ से राली चौहान, मलियाना, नूरनगर, कुंडा, रैसना, मौहम्मदपुर लाला, रसूलपुर औरांगाबाद, बजौट, मौहम्मदपुर गुमी के खसरों का सुपर इंपोज किया है। इससे यहां मौजूद खसरों पर स्थित पार्क और खुले स्थलों को पहचाना जा सकेगा। वहीं, इससे पहले भी रुड़की रोड पर एटूजेड कॉलोनी में पार्क की जमीन घेरकर बनाए गए क्लब को ध्वस्त किया गया था।
ब्यूरो
-----कोट-----
एनजीटी के निर्देशों का पालन होगा
मौके का स्थलीय परीक्षण कराएंगे। हालांकि, हमने ऐसे पार्क और खुले स्थलों को चिह्नित कर वेबसाइट पर अपलोड कर रखा है। हम लगातार एनजीटी के निर्देशों का पालन करते हुए कार्रवाई कर रहे हैं।
- मृदुल चौधरी, उपाध्यक्ष, एमडीए