सीएमओ ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया
खतौली। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की संख्या देखी और दवाइयों के बारे में भी डॉक्टरों से जानकारी ली। इस दौरान आशाओं ने सीएमओ से मिलकर पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की।
तहसील दिवस के बाद सीएमओ ने सीएचसी पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर, औषधि भंडार, आपातकालीन कक्ष, जच्चा-बच्चा वार्ड, आपरेशन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को अस्पताल में सफाई रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर केंद्र पर आने वाले मरीजों की संख्या देखी और दवाईयों के बारे में जानकारी ली। केंद्र पर किसी चिकित्सक की तैनाती नहीं होने पर उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था करा कर चिकित्सालय पर चिकित्सक की तैनाती कराए जाने की बात कही। केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन 300 से अधिक ओपीडी होती हैं, जिसे एक फार्मेसिस्ट की कवर करता है। जिससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान नगर में तैनात 10 आशाओं ने सीएमओ से मिलकर बताया कि उन्हें विगत छह माह से मानदेय नहीं मिला है। जिस पर सीएमओ ने आठ दिन में उनका मानदेय दिलाने का आश्वासन दिया।