मीट व्यापारियों के लाइसेंस के लिए की जांच
बड़ौत (बागपत)। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने नगर के बीच मीट व्यापारियों को लाइसेंस के लिए अनापत्ति पत्र देने से पूर्व शनिवार को सभी आवेदन कर्ताओं की दुकानों की जांच की।
रालोद नेता डॉ. इरफान मलिक ने बताया कि उनके नेतृत्व में शुक्रवार को नगर के मीट व्यापारी जिलाधिकारी बागपत से जाकर मिले थे और उन्हें शिकायत की थी कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी व अधिशासी अधिकारी द्वारा लाइसेंस दिए जाने में लापरवाही बरती जा रही है। इसके बाद जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को तत्काल लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कर मीट व्यापारियों को लाइसेंस जारी करने को कहा था। जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बड़ौत व थानाध्यक्ष बड़ौत को पत्र जारी कर तत्काल जांच प्रक्रिया पूरे करने के आदेश दिए थे। इस पर शनिवार को नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने सभी दुकानों की जांच की थी। सोमवार तक मीट व्यापारियों को लाइसेंस देने का आश्वासन दिया।