परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्र वाहन से कुचले, एक की मौत
रमाला (बागपत)। बड़ौत से परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों को जिवाना गेट के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि, दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक छात्र नसीम पुत्र असलम घसोली थाना कांधला जिला शामली का रहने वाला था। शनिवार को वह अपने दोस्त के साथ बड़ौत से बीए की परीक्षा देकर बाइक से लौटे रहा था। जब वे जिवाना गेट के पास पहुंचे तो उन्हेें किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे नसीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम पता नहीं चल पाया। राहगीरों ने उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल के लिए भेज दिया। सूचना पर रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव कब्जे मेें लेकर वाहन चालक की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बाद में रमाला पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी शरद तिलारा का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने रमाला थाने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे सीओ रमाला अजय शर्मा घटनास्थल से बिना रूके निकल गए, लेकिन एक बार भी नीचे उतरकर घटना की जानकारी नहीं ली।