देवबंद (सहारनपुर)। एक व्यक्ति ने नगर के बाल रोग विशेषज्ञ पर तीन माह के बेटे को एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इतना ही नहीं जब वह शिकायत लेकर चिकित्सक के पास पहुंचा तो उसने उल्टा उसे ही धमकाकर भगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जड़ौदा जट्ट गांव निवासी दिनेश कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह अपने तीन माह के बेटे आरव को टीका लगवाने के लिए सुभाष चौक स्थित एक शिशु चिकित्सक के यहां लेकर गया था। आरोप है कि चिकित्सक ने बेटे को दो माह पूर्व का एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगा दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में बेटे को उपचार के लिए दूसरे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। दिनेश का आरोप है कि देखने पर पता चला कि चिकित्सक ने जो टीका बेटे को लगाया था वह दो माह पूर्व ही एक्सपायर हो चुका था। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि जब वह शिकायत लेकर चिकित्सक के यहां गया तो उसकी बात सुनने के बाद चिकित्सक ने उसे धमकाकर वहां से भगा दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।