-पीड़ित ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बहसूमा थाना क्षेत्र के रहमापुर निवासी अजय कुमार ने एक ग्रामीण पर सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य बनवाने के नाम पर 14.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोपी से रुपये मांगे तो अजय के साथ अभद्रता कर मारपीट की गई। सोमवार को पीड़ित ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अजय कुमार के मुताबिक दिसंबर 2022 में हस्तिनापुर निवासी इस ग्रामीण से उसकी जान-पहचान शुरू हुई थी। उसने अजय को बताया था कि उनका भांजा शिक्षा विभाग में उच्च अधिकारी है। वह उनकी पत्नी को सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य बनवा सकता है। इसके लिए 15 लाख रुपये की मांग की गई। कुछ दिन बाद अजय ने आरोपी को पांच लाख रुपये नकद दे दिए।
इसके बाद भी आरोपी से संपर्क जारी रहा और अजय ने मार्च से अप्रैल 2023 के बीच आरोपी के खाते में ऑनलाइन 9.51 लाख रुपये और भेजे। मई में नियुक्ति पत्र देने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद आरोपी लगातार टरकाता रहा। धोखाधड़ी का एहसास होने के बाद अजय दो साल से अपने रुपये वापस मांग रहा है, मगर रुपये नहीं दिए जा रहे हैं। रविवार को भी अजय आरोपी के घर पहुंचा। यहां रुपये मांगने पर आरोपी ने अजय के साथ अभद्रता कर मारपीट की। उसने अजय को जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।