टीम ने छापा मारकर ब्रांडेड कंपनियों के नकली रेपर पकडे़
जानीखुर्द। कस्बा सिवालखास में सोमवार को पुलिस ने एक गोदाम से ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों के नकली रेपर बरामद किए। इनमें कोल्ड ड्रिंक, शैम्पू, साबुन, चाय, गुटका आदि शामिल हैं। पुलिस ने गोदाम से दो युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि गोदाम मालिक मौके से भाग निकला।
कस्बा सिवालखास में सोमवार को दिल्ली से आए इन्वेस्टिगेशन सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों ने जानी पुलिस के साथ कस्बा सिवालखास में एक गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने गोदाम में काम कर दो युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान गोदाम से ब्रांडेड कंपनियों के प्रोडक्ट के रेपर और डिब्बे आदि मिले। इन्वेस्टिगेशन सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली के मैनेजर दलीप सिंह के अनुसार उन्हें काफी दिन से जानकारी मिल रही थी कि ब्रांडेड कंपनियों का नकली सामान बाजार में बेचा जा रहा है। इससे कंपनियों का काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, सरकार को भी टैक्स की हानि हो रही है। उधर, ग्राहकों के स्वास्थ्य पर भी कुप्रभाव पड़ रहा है। जांच के दौरान पता चला था कि सिवालखास में कंपनियों के नकली रेपर तैयार किए जा रहे हैं। इसको लेकर जानी पुलिस के साथ छापा मारा है। इस दौरान गोदाम मालिक नजाकत भाग निकला है। देर शाम तक छापे की कार्रवाई जारी थी। वहीं, जानी थाना प्रभारी ब्रजेश शर्मा के अनुसार गोदाम से बरामद सामान की लिस्ट तैयार की जा रही है। इसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरामद सामान करीब दो गाड़ी है। वहीं, मैनेजर दलीप सिंह के अनुसार उनकी कंपनी का काम रजिस्टर्ड कंपनियों के नकली माल को मार्केट में आने से रोकना है। इसके लिए उनकी कंपनी का उनसे अनुबंध है।
शैम्पू, शराब, चाय और कोल्ड ड्रिंक के रेपर मिले
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास कस्बे में एक गोदाम से बरामद किए नकली खाली रेपर, मशहूर शराब के लेबल और ढक्कन, एक कंपनी की चाय के रेपर, कई कंपनियों के शैम्पू के रेपर, कोल्ड ड्रिंक के लेबल तथा तेल कंपनियों के रेपर आदि मिले हैं।