अब एलीवेटेड ट्रैक के डिजाइन के लिए टेंडर अपलोड
- पहले चरण के लिए एनसीआरटीसी ने अपलोड किया टेंडर
- अप्रैल में रैपिड रेल के लिए खुलेंगे पांच टेंडर
मेरठ। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर एनसीआरटीसी की तरफ से तेजी से कार्य शुरू कर दिया गया है। पिछले एक महीने में कई टेंडर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। मंगलवार को पहले चरण के डिजाइन, उत्पादन और सामान के ऑर्डर के लिए नया टेंडर अपलोड हुआ है। जिससे मई में जमीन पर कार्य की शुरुआत हो सके। हालांकि, अप्रैल में पांच टेंडर खोले जाने हैं। इसके बाद पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। आचार संहिता से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसके बाद से ही नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की तरफ से कार्य की प्रक्रिया में तेजी आई है।
82 किलोमीटर का यह प्रोजेक्ट दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम तक पहुंचेगा। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मिट्टी की जांच की जा रही है। पहले चरण के लिए इस कार्य को तेजी से पूरा कर लिया गया था। मिट्टी की रिपोर्ट भी एनसीआरटीसी को सबमिट कर दी गई थी। वहीं, अब मेरठ क्षेत्र में मिट्टी की जांच का कार्य किया जा रहा है। मिट्टी की जांच का कार्य शॉप्रिक्स मॉल तक पहुंच गया है। यहां गड्ढे खोदकर जांच करने का कार्य किया जा रहा है।
एलीवेटेड ट्रैक के लिए डिजाइन का टेंडर
मंगलवार को अपलोड किए गए टेंडर को 26 अप्रैल को खोला जाएगा। इस टेंडर के खुलने से पहले चरण के निर्माण कार्य को भी रफ्तार मिल जाएगी। इस टेंडर में एलीवेटेड ट्रैक का डिजाइन आदि शामिल किया गया है। वहीं, अप्रैल में रैपिड रेल के निर्माण के लिए पांच टेंडर खोले जाएंगे। एनसीआरटीसी ने मार्च में पांच टेंडर को वेबसाइट पर अपलोड किया था।