एमडीए ने 44 किसानों को दिए 35 लाख रुपये के चेक
एमडीए सभागार में हुआ चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन
एमडीए की तीन योजनाओं के 315 किसानों को प्रतिकर के रूप में दे चुका है करीब 2 करोड़ 65 लाख
चेक प्राप्त करने वालों में लोहिया नगर के 12, वेदव्यासपुरी के 9, गंगानगर के 23 किसान
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण सभागार में शनिवार को किसानों को प्रतिकर भुगतान के चेक वितरित किए गए। इसमें प्राधिकरण की तीन योजनाओं वेदव्यासपुरी, गंगानगर और लोहिया नगर के कुल 44 किसानों को 35 लाख रुपये के चेक दक्षिण विधायक डा. सोमेंद्र तोमर ने दिए।
एमडीए लगातार तीन योजनाओं के किसानों से समझौते के मुताबिक प्रतिकर के रूप में 30 वर्ग मीटर से कम भूमि के बदले चैक देने की प्रक्रिया के वादे को पूरा करने में लगा है, इसी के तहत शनिवार को किसानों को चेक वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक सोमेन्द्र तोमर, एमडीए वीसी राजेश कुमार पाण्डेय, सचिव राजकुमार ने किसान महिला व पुरूषों को चेक प्रदान किए। भूमि अर्जन प्रभारी व तहसीलदार मनोज सिंह ने बताया कि लोहिया नगर के 12, वेदव्यासपुरी 9 तथा गंगानगर के 23 किसानों को करीब 35 लाख रूपये के चेक दिए गए हैं। जिसमें चार ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिनके खाते में धनराशि आरटीजीएस के माध्यम से जमा करायी गई है। तहसीलदार ने बताया कि प्राधिकरण अभी तक तीन बार 315 किसानों को प्रतिकर के चैक के रूप में 2 करोड़ 65 लाख 75 हजार 992 रूपये का भुगतान कर चुका है। जिसमें लोहियानगर के कुल 183 वेदव्यासपुरी के 54, गंगानगर के 46 किसान प्रतिकर की धनराशि से लाभान्वित हो चुके हैं।
डा. सोमेंद्र तोमर ने किसानों से कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किसानों के हितार्थ अनेकों कदम उठाए गए हैं। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि किसान इसी तरह से सहयोग करते रहे। एमडीए सचिव राजकुमार ने कहा बड़े किसानों के लिए भूमि चिह्नित करने का कार्य अभी चल रहा है। कार्यक्रम में किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखी। इस दौरान सुरेंद्र भड़ाना, हरवेंद्र सिंह, अनिल चौधरी, विनोद चेयरमैन, पोपीन प्रधान, वीर सिंह सैनी, पप्पू गुर्जर, आयुष चपराना, रजनीश पंवार आदि मौजूद रहे।