जिला महिला अस्पताल के सामने पाइप लाइन फटी, सड़क हुई पानी पानी
- जलभराव से मार्ग जाम, आज भी जलापूर्ति रहेगी प्रभावित
- ट्यूबवेल बंद कराई, आज होगा पाइप लाइन को ठीक करने का काम
अस्पताल आने वाले मरीज और सड़क से गुजरने वाले लोग हुए परेशान
मेरठ। जिला महिला अस्पताल के सामने पानी की मुख्य पाइप लाइन फटने से सड़क पर जलभराव हो गया। जलभराव के कारण रोड पर भीषण जाम भी लग गया। ऐसे में रोड से गुजरने वाले लोगों और अस्पताल में आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पाइप लाइन फटने से हजारों लीटर पानी नाले में बह गया। एक घंटे बाद जल कल विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और ट्यूबवेल बंद कराई। जिसके कारण छतरीवाले पीर, खैरनगर, जलीकोठी क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। आज गुरुवार को पाइप लाइन ठीक किए जाते समय भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
घंटाघर से छतरीवाले पीर के बीच जिला महिला अस्पताल है। बुधवार को शाम पांच बजे जिला महिला अस्पताल के सामने सड़क में दबी पानी की पाइप लाइन फट गई। थोड़ी ही देर में पूरी सड़क पर पानी ही पानी हो गया। जिसके कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ ही बाजार में आने वाले ग्राहक और दुकानदार भी जलभराव के कारण परेशान रहे। स्थानीय निवासी मौ. चांद ने बताया कि नगर निगम में कई बार फोन करके सूचना दी गई, जिसके काफी देर बाद जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील सिंहल कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्य पाइप लाइन फटने के कारण पानी की ट्यूबवेल बंद कराई गई। जिसके कारण पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। अधिशासी अभियंता का कहना है कि गुरुवार को पाइप लाइन को ठीक करने का कार्य सुबह से ही शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान सुबह से ही जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
मार्ग का यातायात होगा बाधित
- मुख्य पाइप लाइन को ठीक करने के लिए सड़क की खुदाई की जानी है। जिसके कारण मार्ग का यातायात भी बाधित होगा। हालांकि अभी जलकल विभाग की तरफ से यातायात पुलिस को सूचित नहीं किया है।