- मिल के एक ही हिस्से में महज 30 सेकेंड बना हवा का भारी दबाव
- बागपत रोड स्थित स्टार क्राफ्ट पेपर मिल लिमिटेड में हुआ भारी नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बागपत रोड स्थित एक पेपर मिल में बृहस्पतिवार शाम चक्रवाती हवाओं से भारी नुकसान हो गया। मिल के केवल एक ही हिस्से में करीब 30 सेकेंड के बने हवा के भारी दबाव से जहां टीन शेड उड़ गई तो कई खंभे उखड़ गए। मिल परिसर और उसके बाहर मुख्य मार्ग पर लगे बिजली के कई पोल टूटने से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोग दहशत की स्थिति में हैं।
साकेत निवासी अजय गोयल की बागपत रोड पर स्टार क्राफ्ट पेपर मिल है। शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक तेज हवाओं के बीच सबसे पहले मिल की एक साइड की दीवार गिर गई। वहां मौजूद कर्मचारी जैसे ही उस तरफ दौड़े तो तेज आवाज के साथ मिल की टीन शेड उड़ गई। इसके बाद का नजारा बेहद डरावना रहा। मिल परिसर और इसके बाहर मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभे गिरने शुरू हो गए। एकबारगी वहां भगदड़ मच गई। तीस सेकेंड में सब अस्तव्यस्त हो गया। लोग जान बचाकर छिपने को मजबूर दिखे। कर्मचारियों की सूचना पर अजय गोयल मिल पहुंच गए। लेकिन तब तक मिल की विद्युत आपूर्ति ठप हो चुकी थी।
डेढ़ घंटे पहले ही खत्म हुआ था काम
पेपर मिल में करीब सवा सौ कर्मचारी काम करते हैं। बृहस्पतिवार को दिन भर मिल में काम हुआ। शाम पांच बजे छुट्टी हो गई। गनीमत रही कि छुट्टी होने के डेढ़ घंटे बाद ही यह सब हुआ। कहीं मिल चलते समय हवाओं का यह दबाव बनता तो बड़ा रूप ले सकता था। हालांकि कुछ लोगों के चोटिल होने की बात सामने आयी है।
जाम की स्थिति बनी
तेज हवाओं के चलते करीब आधा दर्जन से अधिक खंभे टूटकर सड़कों पर जा गिरे। इससे जहां विद्युत आपूर्ति ठप हुई तो जाम की स्थिति भी बनी। कई घंटे इस अव्यवस्था से लोगों को परेशान होना पड़ा। बारिश होने के कारण देर रात तक आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी।
काफी नुकसान हुआ
चक्रवाती हवाओं के चलते मिल में काफी नुकसान हुआ है। बिजली गुल होने के कारण फिलहाल आकलन नहीं किया जा सकता। गनीमत रही कि उस समय मिल बंद हो चुकी थी। -अजय गोयल, डायरेक्टर, स्टार क्राफ्ट पेपर मिल लिमिटेड