यूपी बोर्ड: परीक्षा शुरू, बारिश में भीगते पहुंचे विद्यार्थी
- 16 परीक्षा केंद्रों पर हुई पहले दिन परीक्षा
- जिला विद्यालय निरीक्षक ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा बृहस्पतिवार को शुरू हुई। पहले दिन हाईस्कूल में संगीत गायन और इंटरमीडिएट में काष्ठ शिल्प, सिलाई, मनोविज्ञान, तर्क शास्त्र और शिक्षा शास्त्र के पेपर थे। परीक्षा 16 केंद्रों पर आयोजित हुई। सुबह बारिश के कारण छात्र-छात्राओं को भीगते हुए परीक्षा देने केलिए पहुंचना पड़ा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। वॉइस रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी किस तरह हो रही है, यह भी जांच की। परीक्षा के लिए 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 14 केंद्र संवेदनशील हैं। जिले को परीक्षा के लिहाज से 19 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लगा दी गई है। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना चुनौती होगा। नकल करते और कराते पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
17 जिलों में 142 ने छोड़ी परीक्षा
मेरठ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत 17 जिले आते हैं, जिनमें पहले दिन 142 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। जिसमें हाईस्कूल के 136 और इंटरमीडिएट के 6 छात्र-छात्राएं हैं। इनमें मेरठ में हाईस्कूल की14 छात्राओं और सात छात्रों ने परीक्षा छोड़ी।
आज हैं हाईस्कूल में कृषि, इंटरमीडिएट में भाषाओं का पेपर
आठ फरवरी को हाईस्कूल में कृषि और इंटरमीडिएट में संगीत गायन, संगीत वादन, नृत्यकला, संस्कृत, उर्दू, गुजराती आदि भाषाओं के पेपर हैं।
इंटरमीडिएट में 197 रहे अनुपस्थित
इंटरमीडिएट में द्वितीय पाली में 1084 छात्र पंजीकृत थे, इनमें 116 बालक अनुपस्थित रहे, जबकि बालिकाओं में 1999 पंजीकृत थे, जिनमें से 81 अनुपस्थित रहीं।
परीक्षा का समय
पहली पाली सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक।
दूसरी पाली दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक।