एनएचएआई, जिलाधिकारी और भाजपा सांसद संजीव बालियान को सौंपेंगे ज्ञापन
जल्द निर्माण नहीं होने पर अनिश्चितकाल के लिए टोल फ्री कराने की चेतावनी
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। एनएच 58 स्थित मटौर गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने अंडरपास एवं सर्विस रोड की मांग को लेकर बैठक की। इसमें ग्रामीणों ने निर्णय किया कि यदि कार्य नहीं कराए गए तो हाईवे को अनिश्चित समय तक के लिए टोल फ्री कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने एनएचएआई अधिकारियों, जिलाधिकारी मेरठ व भाजपा सांसद संजीव बालियान को ज्ञापन सौंपने की जानकारी दी है।
मटौर गांव में भाजपा नेता लाजपाल चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक हुई। इसका संचालन ब्रजपाल सिंह ने किया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने एनएच 58 पर आए दिन हो रहे हादसों पर चिंता जाहिर की। बैठक में ओंकार सिंह ने कहा कि हाईवे पर हुए हादसों में सैकड़ों से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आए दिन हादसों में बड़ी संख्या में लोग घायल हो रहे है। इसके बावजूद एनएचएआई द्वारा गांव में अंडरपास, नाला निर्माण और सर्विस रोड का कार्य शुरू नहीं कराया जा रहा है। बैठक में निर्णय किया गया कि रविवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एनएचएआई अधिकारियों, जिलाधिकारी और भाजपा सांसद संजीव बालियान से मिलकर गांव में अंडरपास जल्द बनाए जाने तथा सर्विस रोड का निर्माण कराए जाने की मांग लेकर ज्ञापन देंगे। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अंडरपास एवं सर्विस रोड का निर्माण नहीं शुरू कराया गया तो ग्रामीण सिवाया टोल प्लाजा को अनिश्चितकाल के लिए फ्री करा देेंगे। बैठक में मुकेश मुखिया, सोनू, मुखिया, मांगेराम, अरुण चौहान, ओंकार, टिंकू चौहान, जितेंद्र, सतीश चौहान, अरविंद चौहान, गजेंद्र सिंह, योगराज सिंह, प्रताप चौहान, रिंकू चौहान, पम्मी चौहान, राजकुमार चौहान, शरद चौहान, टीटू चौहान, ओमपाल चौहान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।