गठबंधन के भ्रम को दूर करेगा पिछड़ा वर्ग
मेरठ। मीरापुर से विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सबका साथ सबका विकास का न केवल नारा दे रही है, बल्कि विकास भी कर रही है। गठबंधन जिस तरह का भ्रम इन दिनों फैलाने का प्रयास कर रहा है, उसका यह भ्रम लोकसभा चुनाव में पिछड़ा वर्ग दूर कर देगा।
माल रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि वह शुक्रताल जा रहे हैं, जहां पिछड़ा वर्ग का कार्यक्रम है। लखनऊ में पिछले दिनों पिछड़ा वर्ग बिरादरी के अलग-अलग सम्मेलन हुए हैं। जिसमें गुर्जर समाज ने भी अपनी उपेक्षा की बात रखी, जिसे बहुत ही ध्यान से सुना गया और निश्चित ही उन्हें उम्मीद है कि पार्टी नेतृत्व इस पर ध्यान देगा। उन्होंने कहा कि पिछली प्रदेश सरकारों ने किसानों की दुर्गति कर दी थी, लेकिन आज भाजपा सरकार ने किसानों को ने केवल सम्मान दिया है, बल्कि हर तरह से उनकी मदद की है। भड़ाना ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर बिरादरी का असर है और विपक्ष यह ध्यान रखे कि गुर्जर बिरादरी आने वाले चुनाव में उनका भ्रम तोड़ देगी। गुर्जर समाज भाजपा के पक्ष में खुलकर मतदान करेगा।