शहर में नहीं आने दी बसें, जाम से राहत
मेरठ। दिल्ली रोड पर जाम की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस ने रोडवेज बसों को डायवर्ट कर दिया। पुलिस ने सुबह ही परतापुर तिराहे पर बैरियर लगाकर रोडवेज बसों को शहर की तरफ नहीं आने दिया। इस दौरान दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की तरफ से आने वाली रोडवेज की बसें जिन्हें भैसाली बस अड्डे पहुंचना था वह बाईपास से रोहटा फ्लाईओवर, भूसा मंडी गेट पास, जली कोठी चौराहे से होते हुए भैसाली बस अड्डे पर जा सकीं। यह व्यवस्था सुबह सात बजे से रात्रि नौ बजे तक प्रभावी रहेगी।
अभी तक ट्रैफिक पुलिस ने परतापुर तिराहे से शहर की तरफ आने वाली रोडवेज बसों का डायवर्जन किया है। जबकि जल्द ही भैसाली बस अड्डे से दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की तरफ जाने वाली रोडवेज बसों का भी डायवर्जन करने की तैयारी है। बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, दिल्ली चुंगी, टीपीनगर गेट और रिठानी में जाम नहीं लगा।
परतापुर तिराहे पर लगाए बैरियर
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी का कहना है कि जाम की समस्या से दिल्ली रोड लगातार जूझ रही थी। परतापुर तिराहे पर बैरियर लगाकर दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें बसों को डायवर्ट कर दिया। जिन बसों को भैसाली बस अड्डे पर जाना था उन्हें परतापुर तिराहे से शहर में अंदर नहीं आने दिया गया।
जल्द ही जाने वाले रूट पर भी प्लान
ट्रैफिक पुलिस ने पहले आने और जाने के लिए अलग अलग रूट प्लान बनाया था। लेकिन भैसाली बस अड्डे से जाने वाली रोडवेज बसों के लिए कोई बदलाव नहीं किया है। भैसाली बस अड्डे से गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें दिल्ली रोड से ही जा रही हैं। लेकिन जल्द ही इन बसों को भैसाली बस अड्डे से जीरो माइल, कंकरखेड़ा के रास्ते भेजने की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि दिल्ली रोड पर रोडवेज बसों के डायवर्जन से हादसों में भी कमी आगएी।