मोदीपुरम। समय से पहले बृहस्पतिवार सुबह छाए कोहरे को देख हर कोई हैरान हो गया। हालांकि धूप निकलने के बाद पूरे दिन मौसम साफ रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी ज्यादा होने के कारण कोहरा हो जाता है।
सितंबर माह में मौसम में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। तीन दिन तक हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम खुशनुमा हो गया था। जिस कारण वातावरण में नमी बढ़ गई। जिसका असर बृहस्पतिवार सुबह देखने को मिला। सुबह के समय आबादी क्षेत्र में थोड़ा कम कोहरा था, लेकिन हाईवे और ग्रामीण क्षेत्र में इसका असर अधिक था। इस कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी काफी कम रही। वहीं मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 92 और न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज की गई। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे आ गया था और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण यह कोहरा बन गया। जिसका असर सुबह के समय देखने को मिला। अभी दो तीन दिन सुबह के समय कोहरा रहेगा, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा।