शिल्प बाजार मेले में दिखी देश की कारीगरी
मेरठ। देश के कई प्रदेशों से आए कारीगरों के हुनर का बाजार बृहस्पतिवार से जिमखाना मैदान में सज गया है। मेरठ महोत्सव शिल्प बाजार मेले का उद्घाटन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और अपर आयुक्त जिला उद्योग ऋषि रंजन ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर का भ्रमण करते हुए देश और प्रदेश से कई जगहों से आई कारीगरों के हुनर को देखा।
मेरठ महोत्सव शिल्प बाजार 29 मार्च तक जिमखाना मैदान में दोपहर दो बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा। शिल्प बाजार मेले में गुजरात, पंजाब, बंगाल आदि प्रदेशों से कारीगर वहां के परिधान, लकड़ी के सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आर्टिफिशियल फ्लावर आदि बनाकर लाए हैं। इनकी प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी इस मेले में हो रही है। लोगों को सहारनपुर की काष्ठ कला सबसे ज्यादा प्रभावित कर रही है।
मेले का उद्घाटन करते हुए भाजपा नेता डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि इस प्रकार का मेला कारीगरों के लिए उपयुक्त बाजार है। जहां पर जनता के लिए सभी उत्पादन कम कीमत पर उपलब्ध रहते हैं, इससे कारीगर और जनता दोनों को लाभ होता है। उन्होंने मेले में आए दुकानदारों से कहा कि वह इस मेले को लाभ के बजाए अपने प्रचार का माध्यम समझकर अपने उत्पाद बेचें। अपर आयुक्त जिला उद्योग केंद्र ऋषि रंजन ने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की अनेक योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग केंद्र क्षेत्रीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के साथ उद्योग लगाने में उनकी मदद भी करता है।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के जोनल सदस्य नीरज धामा ने भी विशेष रूप से कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भी मेले की उपयोगिता को आज के समय में जरूरत बताया। भाजपा नेता आलोक सिसौदिया, विवेक वाजपेयी, सुरेश अग्रवाल, नरेंद्र उपाध्याय आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे। मेला संयोजक यूसुफ सलमानी व नूतन धामा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
खास बातें:
जिमखाना मैदान में बृहस्पतिवार से शुरू हुआ शिल्प बाजार मेला
बच्चों के लिए मेला परिसर में ऊंट की सवारी के बीच झूले भी लगाए गए