मेरठ। कुछ दिन राहत देने के बाद संगम और नौचंदी फिर से समय की पटरी से उतरने लगी हैं। रविवार को संगम एक्सप्रेस 14 घंटे और नौचंदी एक्सप्रेस सात घंटे की देरी से पहुंची। देरी के चलते संगम एक्सप्रेस को निर्धारित प्रस्थान समय से पांच और नौचंदी एक्सप्रेस को एक घंटा देरी से इलाहाबाद के लिए रवाना किया गया। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
संगम व नौचंदी एक्सप्रेस पिछले 14 महीने से लेट चल रही है। एक-दो दिन छोड़कर ये दोनों ट्रेनें किसी भी दिन निर्धारित आगमन समय पर नहीं पहुंचीं। हालांकि मेरठ सिटी से दोनों ट्रेनों को ज्यादातर राइट टाइम भेजा जाता है। इसके बावजूद ये ट्रेन वापसी में राइट टाइम नहीं हो पा रही है। रविवार को संगम एक्सप्रेस निर्धारित आगमन समय से 14 घंटे देरी से यानी प्रस्थान समय से भी दो घंटे की देरी से रात करीब 9 बजे पहुंची। इस देरी के चलते यह ट्रेन पांच घंटे की देरी से रात करीब 12 बजे इलाहाबाद के लिए रवाना की गई। वहीं, नौचंदी एक्सप्रेस मध्याह्न करीब तीन बजे पहुंची। यह ट्रेन भी एक घंटा देरी से रवाना की जा सकी। इसके अलावा दिल्ली-हरिद्वार पैसेंजर, दिल्ली-अंबाला पैसेंजर के अलावा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी एक-दो घंटे की देरी से रवाना की गईं।
- 14 घंटे संगम तो नौचंदी सात घंटे देरी से पहुंची