मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा कड़ी
मेरठ। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को कड़ी सुरक्षा रहेगी। शुक्रवार को कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार, आईजी रेंज रामकुमार ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान दूसरे जिलों से आई फोर्स के साथ ब्रीफिंग की। डीएम समीर वर्मा, एसएसपी मंजिल सैनी दहल भी मौजूद रहीं।
एसएसपी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में आठ एडिशनल एसपी, 25 सीओ, 34 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर, 160 दरोगा/एचसीपी, एक हजार सिपाही, आठ कंपनी पीएसी/आरआरएफ के अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ी, डॉग स्क्वाएड, बम निरोधक दस्ता भी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल को रात में सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। लखनऊ से स्पेशल कमांडो और एटीएस टीम भी पहुंच गई है। हेलीपेड, मंच, रैली और मुख्य गेट पर एक एक एडिशनल एसपी की ड्यूटी लगाई गई है।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि सुरक्षा में तैनात फोर्स को कड़े निर्देश दिए गए हैं। बिना चेकिंग के मुख्य गेट से किसी भी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। हेलीपेड पर कोई भी व्यक्ति नहीं पहुंच सकता। मंच के लिए पास जारी कर दिए गए हैं।
एक किमी के दायरे में लगाई फोर्स
कार्यक्रम स्थल से चारों तरफ एक किमी के दायरे में पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा भीड़भाड़ और कार्यक्रम स्थल पर छह फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी लगाई गई हैं। वाहनों के लिए आठ स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है।
खास बात
लखनऊ से पहुंचे स्पेशल कमांडो और एटीएस ने कार्यक्रम स्थल को अपने घेरे में लिया