मेरठ। सेंट्रल मार्केट पर उच्च न्यायालय के आदेशानुसार ध्वस्तीकरण की तलवार लटकी है। न्यायालय के ध्वस्तीकरण के आदेशों के बाद भी मार्केट में अवैध निर्माण जारी है। जिसको लेकर अब मार्केट के व्यापारियों ने ही नाराजगी जताई है।
व्यापारियों का आरोप है कि आवास विकास अधिकारियों की मिलीभगत से मार्केट में अवैध निर्माण चल रहा है। व्यापारियों ने आवास विकास के एक जेई पर पैसे लेकर अवैध निर्माण करने वालों को संरक्षण करने का आरोप लगाया है। व्यापारियों के अनुसार शास्त्रीनगर सेक्टर-2, 3 में गुपचुप तरीके से कांप्लेक्स तैयार हो गए। लेकिन आवास विकास अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। जबकि भू-माफिया मार्केट में बेखौफ निर्माण कर रहे हैं।
सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष किशोर वाधवा ने बताया कि अवैध निर्माण नहीं रुके तो व्यापारी सड़कों पर आएंगे। किशोर वाधवा का कहना है कि अवैध निर्माण को लेकर सेंट्रल मार्केट आज तक परेशानी झेल रही है। जबकि भू उपयोग नीति लागू में नए अवैध निर्माण बाधा डाल सकते हैं। व्यापारियों ने आवास आयुक्त को इससे अवगत कराया है। आवास आयुक्त को फोन कर जेई की शिकायत भी की है।