रुड़की/ बागपत । शहर और आसपास के क्षेत्र में कारोबारियों और डाक्टरों को धमकी भरे फोन कर रंगदारी मांगने के मामले में रुड़की पुलिस ने कुख्यात सुनील राठी की मां राजबाला को टीकरी कस्बा (जिला बागपत, यूपी) स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस को स्थानीय लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। सिविल लाइंस कोतवाली लाकर पुलिस ने राजबाला का चालान कर कोर्ट में पेश किया। उसके बाद उसे जेल भेज दिया। यहां भी राजबाला को छुड़ाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने को बड़ी संख्या में लोग दिनभर कोतवाली में जमे रहे।
पिछले सप्ताह चिकित्सक डा. एनडी अरोड़ा ने सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि बागपत जेल में बंद सुनील राठी के नाम से उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पैसे सुनील राठी की मां राजबाला के पास भिजवाने की बात कही गई है। इस तरह के फोन शहर और आसपास के अन्य कारोबारियों के पास भी आने की सूचना थी। इस पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के निर्देशन में स्थानीय पुलिस की टीम शुक्रवार रात टीकरी पहुंची। टीम ने घर से राजबाला को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि डा. एनडी अरोड़ा को दी गई धमकी के मुकदमे में गिरफ्तार कर राजबाला को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया है।
छह समर्थक हिरासत में, 50 से ज्यादा पर केस
सुनील राठी की मां राजबाला को छुड़ाने के लिए पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कई जिलों के साथ आसपास के गांव से भी सैकड़ों लोग रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली के बाहर जमा हो गए। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल कोतवाली में बुला लिया गया। पुलिस ने किसी तरह इन लोगों को कोतवाली से खदेड़ा। इस दौरान राठी के छह समर्थकों को हिरासत में भी ले लिया गया। वहीं, कोतवाली में घुसकर सरकारी काम में बाधा डालने और आगजनी की कोशिश में देर रात 50 से ज्यादा लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बागपत प्रतिनिधि के अनुसार रुड़की में डॉक्टर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में रुड़की पुलिस टीकरी कस्बे में पहुुंची और टीकरी की चेयरपर्सन एवं चुनाव की दावेदार राजबाला चौधरी को अपने साथ लेकर चली गई। रुड़की के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर एनडी अरोड़ा से तीन नवंबर को बागपत जेल में बंद सुनील राठी के नाम से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। राठी ने यह रकम अपनी मां राजबाला चौधरी को देने के लिए कहा था। इस मामले में रुड़की के गंगानगर थाने में सुनील राठी और उसकी माता एवं टीकरी की चेयरपर्सन राजबाला चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ । शनिवार तड़के टीकरी कस्बा में रुड़की पुलिस पहुंची और चेयरपर्सन राजबाला चौधरी को अपने साथ लेकर चली गई। पता चलने पर कुछ लोग दोघट थाने पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस द्वारा राजबाला चौधरी को अपने साथ ले जाना बताया। दोघट पुलिस ने जानकारी की तो स्थिति स्पष्ट हो गई। थाना प्रभारी चितवन कुमार का कहना है कि रुड़की में डॉक्टर से रंगदारी मांगने के मामले में रुड़की पुलिस ही राजबाला चौधरी को अपने साथ लेकर गई है।
चुनाव प्रभावित करने को केस में फंसाया गया
बागपत। कस्बा दोघट के ऋषिपाल, शशिकांत, यशपाल, गुलवीर और अन्य लोगों का कहना है कि चेयरपर्सन राजबाला चौधरी इस बार भी चुनाव लड़ रही है। उनका चुनाव प्रभावित करने की कुछ लोगों की साजिश है। उन पर लगाया रंगदारी का मुकदमा झूठा है। पुलिस द्वारा उनको ले जाने के विरोध में सैकड़ों की संख्या में लोग रुड़की पहुंचे।
डेढ़ माह पहले बागपत जेल में शिफ्ट हुआ था सुनील
बागपत। सुनील राठी डेढ़ माह पहले ही बागपत जेल में देहरादून से शिफ्ट हुआ था। जेल प्रशासन के मुताबिक सुनील से उसकी माता राजबाला चौधरी जेल में मुलाकात करती रहती है।
राजबाला पर पुलिस कस्टडी से अमित को छुड़वाने का भी है आरोप
बागपत। देहरादून पुलिस कस्टडी से गैंगेस्टर अमित उर्फ भूरा को 15 दिसंबर 2014 को दो एके-47 और एक कारबाइन लूटकर छुड़ा लिया गया था। इस केस की साजिश रचने का राजबाला चौधरी पर आरोप है। वे इस केस में जमानत पर है।