शहर में सड़क पर नहीं लगेगी पैठ
मेरठ। शहर की सड़क पर अवैध तरीके से लगने वाली पैठ को लेकर एक बार फिर पुलिस और प्रशासनिक अफसर सख्त हो गये हैं। हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने सभी थानेदारों, सीओ को अवैध पैठ नहीं लगने देने के निर्देश दिए हैं। जबरन पैठ लगाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर साप्ताहिक पैठ लगती है। सड़क पर अवैध तरीके से पैठ लगने से जहां यातायात व्यवस्था बाधित होती है। वहीं, स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। छह माह पहले पुलिस फोर्स ने अवैध तरीके से लगने वाली चौदह स्थानों की पैठ बंद करा दी थी।
कुछ सप्ताह से फिर से सड़क पर पैठ लगने लगी। जब मामला हाईकोर्ट का आया तो पुलिस अफसरों ने सख्ती कर दी। शास्त्रीनगर कुटी चौराहे के पास शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ पुलिस ने नहीं लगने दी। कुछ लोगों ने जबरन अपना सामान सड़क पर रख दिया। इस बीच एसओ मेडिकल सतेंद्र सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और पुलिस ने लाठी फटकारते हुए पैठ लगाने वालों को खदेड़ा। इस दौरान महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया तो नौचंदी और महिला थाने की पुलिस भी बुला ली गई।
जबरन पैठ लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी ने शहर के सभी सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी अवैध तरीके से पैठ नहीं लगने दी जाएगी। यदि किसी ने जबरन पैठ लगाई तो पुलिस ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करेगी। यदि पैठ लगी तो थानेदारों की भी जवाब देही होगी।
सड़क पर रहता है कब्जा
शास्त्रीनगर आई ब्लॉक स्थित कुटी चौराहा, शताब्दी नगर, शारदा रोड, इंदिरा चौक, गुलमर्ग सिनेमा, रोहटा रोड, भूमिया पुल, गंगानगर, देहली गेट, कंकखेड़ा श्रद्धापुरी रोड आदि स्थानों अवैध पैठ लगाई जाती हैं।