संपूर्ण समाधान दिवस में समस्या सुनते डीएम आदि। (मवाना)
डीएम ने नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी की जमकर क्लास ली, नालों की सफाई कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव ने संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतों को सुना। राजद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि मानसून की दो बारिश में मवाना बेहाल हो गया है। नालों की सफाई ठीक से नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी की जमकर क्लास ली और नालों की सफाई ठीक से कराने के निर्देश दिए।
राजद के यूसुफ कुरैशी, राजेंद्र जाटव ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मानसून की दो बारिश में नगर का अधिकांश हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया। इतना बेहाल बारिश में पहले कभी नहीं देखा। नगर की सड़कों में गड्ढे हैं, जिससे हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। जिलाधिकारी ने पालिका कार्यकारी अधिकारी कृष्णकांत मिश्र को बुलाकर जलभराव नहीं होने और सड़क के गड्ढे को ठीक कराने के निर्देश दिए। राजद द्वारा बस स्टैंड पुलिस चौकी से परीक्षितगढ़ मार्ग पर दूध प्लांट तक की खराब सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
जमीन से अवैध कब्जा हटाए जाने, मतदाता सूची में नाम संशोधित कराने, भूमि में बालिग दर्ज कराए जाने, नाली और तालाब से अतिक्रमण हटवाने समेत 150 शिकायतें आईं, जिसमें से मौके पर 14 का ही निस्तारण हो सका।