फलावदा के मोहल्ला जोगियान का मामला, तीन मेरठ रेफर, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा (मेरठ)। कस्बे के मोहल्ला जोगियान में अंडे के ठेले पर हाथ रखने पर बच्चों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर पथराव किया गया। हमले में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 14 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र भेजा। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।
शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे कस्बे के मोहल्ला जोगियान में शोएब ने अंडे की ठेली पर हाथ रख दिया। हाथ रखने को लेकर अनस और समद के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान आंख पर घूंसा लगने से शुएब घायल हो गया। झगड़े की जानकारी मिलने पर शुएब और अनस के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की तरफ से पथराव शुरू हो गया। पथराव में एक पक्ष से शहरीन, रूबी, अकबर, सल्लू, सना, सोबी, रिहान, समीर और दूसरे पक्ष से आरिफ, मेहताब, शमशाद, आसू, इल्मा घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र भेजा। हालत गंभीर होने पर अकबर, आसू, इल्मा को मेरठ रेफर किया गया।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जा रही है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की कार्रवाई की जाएगी।
फलावदा में झगड़ें में घायल बच्चा। संवाद
फलावदा में झगड़ें में घायल बच्चा। संवाद