उड़ान बिड में 52 कंपनियों ने दिखाई रुचि
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम में आज से प्रस्ताव देंगी एयरलाइंस कंपनियां
22 तक लिए जाएंगे प्रस्ताव, 26 को खुलेगी बिड और 27 को फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत 8 फरवरी को डाली गई बिड के लिए शनिवार से एयरलाइंस कंपनियां अपने प्रस्ताव देंगी। जो कंपनी जिस रूट पर उड़ान भरना चाहती है, वह उस रूट को लेकर अपने प्रस्ताव सौंपेगी। 22 तक कंपनियों के प्रस्ताव स्वीकार किए जाएंगे। 26 फरवरी को बिड खुलेगी।
स्कीम के तहत 3.1 बिड में 50 शहरों से हवाई उड़ान का मसौदा तैयार किया गया है। 52 कंपनियों ने बिड में भाग लिया है। सूत्रों के अनुसार मेरठ से तीन एयरलाइंस कंपनियां उड़ान में रुचि दिखा रही हैं। शुक्रवार को इन कंपनियों के प्रतिनिधियों से अलग से वार्ता हुई। शुरुआती दौर में 18 सीटर विमान उड़ाने पर इन कंपनियों से बात हुई है। इनके प्रस्तावों को लेकर भी चर्चा हुई है। स्थानीय भाजपा नेताओं के दबाव और पैरवी को देखते हुए एएआई और प्रदेश सरकार दोनों ही चुनाव से पहले छोटे विमान की उड़ान पर फोकस कर रही हैं।