मेडिकल की छात्रा समेत आठ को स्वाइन फ्लू
- 16 से 78 साल उम्र के मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। स्वाइन फ्लू रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा समेत स्वाइन फ्लू के आठ नए मरीज मिले हैं। इनमें 16 वर्षीय किशोरी से लेकर 78 के वृद्ध तक हैं। पांच मरीज मेरठ के रहने वाले हैं जबकि अन्य तीन मरीज सहारनपुर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर जिले के हैं।
बुधवार को 22 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें आठ को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। नए मरीज गढ़ रोड, मेडिकल कॉलेज हॉस्टल, केसरगंज, मेरठ रोड और शास्त्रीनगर आदि क्षेत्रों केरहने वाले हैं। नवंबर से अब तक स्वाइन फ्लू से पीड़ित मेरठ के चार मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। साल 2017 में स्वाइन फ्लू के करीब 395 मरीज मिले थे, जिनमें से 21 लोगों की मौत हो गई थी। साल 2018 में 68 मरीज मिले थे और इस साल अब तक 286 मरीज मिल चुके हैं। इन्हें मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
---
प्रकोप रोकने के स्वास्थ्य विभाग करेगा जागरूक
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसकेबाद भी स्वाइन फ्लू नहीं रुक रहा है। अब बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की प्लानिंग की गई है। इसकेतहत शहर में जगह-जगह पंफ्लेट और पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही ई-रिक्शे पर प्रचार-प्रसार को और बढ़ाया जाएगा।