अपर मुख्य सचिव ने ग्राम भगवानपुर चट्टावन में लगाई चौपाल
मेरठ/मुंडाली। अपर मुख्य सचिव और जनपद के नोडल अधिकारी रमा रमण ने शुक्रवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आदर्श ग्राम भगवानपुर चट्टावन में चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने जहां गांव का भ्रमण कर स्थिति को देखा। वहीं ग्रामीणों से भी समस्याओं को लेकर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को भी सभी सरकारी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव रमा रमण प्रशासनिक अमले के साथ विकास खंड रजपुरा के गांव भगवानपुर चट्टावन पहुंचे। उन्होंने गांव का भ्रमण करते हुए ग्राम में हुए विकास कार्यों पर संतुष्टि जताई। चौपाल में उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पात्र को जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से लाभान्वित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि गांव उनका घर है, इसलिए उसकी सफाई पर वह स्वयं भी ध्यान दें।
इस दौरान उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार योजनाओं के अंतर्गत 6 गर्भवती महिलाओं को फ ल, मिठाई, नारियल, शृंगार का सामान देकर दिया। 22 किशोरियों की स्वास्थ्य जांच कराकर आयरन की गोलियां वितरित कीं। इस दौरान ग्रामीणों ने नोडल अधिकारी के समक्ष नए राशन कार्ड बनाने, खराब सोलर लाइट बदलने, तालाबों के जीर्णोद्धार, विद्युत बिल, पुलिस आदि समस्याएं रखीं। डीएम अनिल ढींगरा ने अपर मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि वह ग्रामवासियों की मांग के अनुरूप जनहित में किए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता पर कराएंगे। चौपाल का संचालन सीडीओ आर्यका अखौरी ने किया। ग्राम प्रधान अनिल कुमार मौजूद रहे।