जहरीली शराब बनाने और बेचने वाले 25 लोगों पर गैंगस्टर
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। चुनाव समाप्त होने के बाद पुलिस ने एक बार फिर से जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई की है । पुलिस ने जहरीली शराब बेचने एवं बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 25 लोगों पर गैंगस्टर लगाया है।
सहारनपुर में उत्तराखंड से लाए गए केमिकल से शराब बनाकर जिले भर में बेच दी गई थी। इस जहरीली शराब को पीने से जिले के डेढ़ दर्जन गांवों के 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने शराब बनाने और बेचने के मामले में सौ से भी अधिक लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया था। मतदान से ठीक एक दिन पहले 10 अप्रैल को जहरीली शराब बनाने के एक आरोपी गुरुसाहब सिंह उर्फ लाड्डी को रासुका में निरुद्ध किया गया था। अब शराब बनाने एवं बेचने के 25 अन्य आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गागलहेड़ी पुलिस द्वारा जिन 25 लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है उनमें इंद्रपाल सैनी गढ़ी ताजपुर, गुरुसाहब उर्फ लाड्डी, सर्वेश उर्फ पिंकी गुप्ता, लखविंदर चुन्हैटी शेख, टिंकू, भरतू पुंडेन, सुनील उर्फ सुभाष तल्हेड़ी, सरदार हरदेव सिंह पुंडेन, सरदार सुखविंद्र सिंह उर्फ सुक्खा, ऋषिपाल चुन्हेटी शेख, अर्जुन भगवानपुर, सुबोध, रचना, अनीता, बिरजो कोलकी कलां, सुशील सैनी मेघराजपुर, सोनू बालूपुर झबरेड़ा, फकीरा बालूपुर, मनोज गांधीनगर गंगनहर, हरिद्वार, अमित गुप्ता दिल्ली, सचिन गुप्ता रुड़की, विपिन रुड़की, मुकेश बहेड़ी गुर्जर, गजराज बालूपुर, विपिन उर्फ मंगलू बालूपुर झबरेड़ा शामिल हैं। इन लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बाद पुलिस इनमें से कुछ प्रमुख लोगों को चिह्नित कर उन पर रासुका लगाएगी। हालांकि पुलिस ने अभी तक उनके नामों का खुलासा नहीं किया है। थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी ने बताया कि जहरीली शराब बनाने एवं बेचने वाले 25 आरोपियों को गैंगस्टर में निरुद्ध किया गया है। अभी रासुका के तहत भी कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी है। एक आरोपी को रासुका निरुद्ध किया जा चुका है।