विहिप और बजरंग दल का जत्था लाएगा कांवड़
मेरठ। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का जत्था इस बार हरिद्वार से कांवड़ लाएगा। कांवड़ यात्रा के पीछे अयोध्या में शीघ्र ही राम मंदिर निर्माण का उद्देश्य है। इस संबंध में सोमवार को गगोल तीर्थ पर हुई बैठक में विहिप के विभाग मंत्री ने कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
विहिप के विभाग मंत्री गोपाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विहिप और बजरंग दल का संयुक्त जत्था कांवड़ लेने जाएगा और औघड़नाथ मंदिर पर जलाभिषेक करेगा। कांवड़ लाने का उद्देश्य जल्द से जल्द अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कराना है। उन्होंने बताया कि यह जत्था भगवा टी शर्ट पहनकर चलेगा। इस यात्रा का नाम ‘एक कांवड़ भगवान श्री राम के नाम’ दिया गया है। कांवड़ का उद्देश्य हिंदू समाज को जागृत कर सरकार पर मंदिर निर्माण के लिए दबाव बनाया जाएगा जिससे शीघ्र मंदिर निर्माण हो सके।
गोपाल शर्मा ने बताया कि हरिद्वार से कांवड़ लेकर चलने पर कार्यकर्ताओं व समाज के लोगों द्वारा जगह-जगह जैसे रुड़की, छपार, मुज्जफरनगर, खतौली, सकोती, दौराला , मोदीपुरम आदि स्थानों स्वागत किए जाएंगे। बैठक में स्वामी शिवदास महाराज प्रमुख गगोल तीर्थ व स्वामी प्रद्युमन महाराज जी सदस्य मार्गदर्शक मंडल विहिप ने भी विचार रखे। संतराम, मधुबन, नीरज, पवन, प्रमोद, विकास, कपिल शर्मा, हर्ष, अजय, रोहित आदि मौजूद रहे।