मेरठ। होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम लगातार छापामारी कर रही है। मंगलवार को कई स्थानों से मावा, दूध, पनीर और रिफाइंड आदि के 18 नमूने लिए गए। इस दौरान दूषित और मिलावट होने की वजह से 275 किलो खोया, 75 किलो मावा और 35 किलो दूध नष्ट कराया गया। 70 किलो मिल्क पाउडर और 60 लीटर रिफाइंड सीज किया।
अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि सिवालखास के गांव कुसेड़ी में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने पनीर निर्माण के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। दोनों जगहों से पनीर व क्रीम के दो-दो नमूने लिए। ग्राम सिवालखास में मावा निर्माण के प्रतिष्ठान पर छापा मारा और मौके पर रिफाइंड मिल्क पाउडर, दूध तथा तैयार मावा मिला। मावे में मिलावट के संदेह के आधार पर दो नमूने, रिफाइंड का एक नमूना, मिल्क पाउडर का एक नमूना तथा दूध का एक नमूना लिया। मौके पर दूध में गंदगी होने व ढका न होने के कारण मक्खियां पाई गईं। बागपत रोड पर मिठाई की दुकान से खोया और घी के दो सैंपल लिए गए, जबकि तहसील मवाना से दूध के चार सैंपल लिए गए। वेस्टर्न कचहरी रोड पर गोकुल स्वीट्स की निर्माण इकाई से खुरचन का एक नमूना लिया है। इन नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दूध में गंदगी तथा मावे में मिलावट का संदेह होने के कारण 35 लीटर दूध और 75 किलोग्राम मावा नष्ट कराया। मिल्क पाउडर 70 किलोग्राम तथा रिफाइंड 60 किलोग्राम सीज किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दौराला में मिलावटी खोया पकड़ा गया। यहां तीन टिन वनस्पति सीज किया गया। करीब 150 किलो खोया मौके पर नष्ट कराया। गांव चिरौडी में खोया निर्माण इकाई से खोया और मिल्क केक के नमूने संग्रहित कर 125 किलो खोया नष्ट कराया गया।
खास बातें:
- होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने की छापामारी
- 70 किलो मिल्क पाउडर और 60 लीटर रिफाइंड सीज, 18 नमूने लिए