स्वच्छता सर्वेक्षण टीम आज से करेगी सर्वे
मेरठ। शहर की साफ सफाई का सर्वे करने के लिए सोमवार को केंद्र सरकार की टीम मेरठ में आएगी। टीम यह देखेगी कि शहर की स्वच्छता के लिए सरकारी खजाने से क्या कार्य किए गए हैं और भविष्य की क्या योजना है। टीम के सदस्य निगम और कैंट बोर्ड से स्वच्छता संबंधी पूरा रिकॉर्ड लेगी। साथ ही शहर और कैंट में स्थलीय निरीक्षण करके सफाई, शौचालय, नाले आदि की स्थिति का जायजा लेगी। लोगों से भी टीम स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 पर बात करेगी, जिसके आधार पर मेरठ को अंक मिलेंगे।
प्रचार पर हो चुके हैं कई लाख खर्च
स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के प्रचार प्रसार पर नगर निगम और कैंट बोर्ड कई लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। सर्वेक्षण के बिंदुओं के अनुसार जहां स्वच्छता एप डाउन लोड करने पर अंक दिए जाने हैं वहीं जनता से फोन पर स्वच्छता की जानकारी लेकर भी अंक दिए जाएंगे। कुछ अंक टीम अपने स्तर से शहर में स्थलीय निरीक्षण करके देगी।
पार्षद न खोल दें टीम के सामने सफाई की पोल
शहर की सफाई को लेकर पार्षद बेहद नाराज हैं। इनकी नाराजगी स्वच्छता सर्वेक्षण करने पहुंच रही टीम के सामने भी उजागर हो सकती है। खासकर बसपा, सपा और कांग्रेस के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र के फोटो और वीडियो तैयार कराई है। जिनमें क्षेत्र में पसरी गंदगी और नालों का रास्तों में बहता पानी है। दो दिन पहले ही कुछ पार्षदों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी का घेराव करके अपनी मंशा को जाहिर किया था। माना जा रहा है कि पार्षद टीम को अपने-अपने वार्ड में पसरी गंदगी दिखाएंगे।
पिछले साल के मुकाबले महानगर की सफाई में काफी सुधार है। स्वच्छता सर्वेक्षण में जनता का बड़ा योगदान रहेगा। महानगर में शौचालय भी बनवाए गए हैं। डॉ. कुंवरसेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी