आवास विकास लागू करेगा ओटीएस योजना
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। आवास विकास द्वारा जल्द ही ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू की जाएगी। करीब 17 साल पहले आवास विकास ने ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए सिंगल रूम के दो हजार आवासों का आवंटन किया था। जिनमें बारह सौ आवंटियों ने पैसा जमा कर दिया। लेकिन आठ सौ आवंटियों पर चार करोड़ रुपयों से अधिक की राशि बकाया है।
आवास एवं विकास अधिकारियों ने बताया राशि जमा न करने पर आवंटियों को नोटिस जारी कियेे गये। विभाग द्वारा नवंबर तक बकाया धन राशि जमा करने को कहा गया था। जिनमें 104 मामले तहसील में रिकवरी के लिए गये। नवंबर तक पैसा जमा न करने पर विभाग ने 45 आवंटन निरस्त भी किये। 15 दिसंबर को शास्त्रीनगर के सामुदायिक केंद्र पर नीलामी और आवंटन प्रक्रिया के दौरान बकायदारों ने आवास विकास अधिकारियों का घेराव किया। महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों का आरोप था कि आवास विकास ने बाकि किस्तों पर चक्रवृद्घि ब्याज लगाया है। हंगामे के दौरान संयुक्त आवास आयुक्त महेंद्र प्रसाद ने बकायदारों से मामले का समाधान करने का आश्वासन दिया। जिस पर अधिकारियों ने ओटीएस का सहारा लेने की योजना बनाई है।
संपत्ति अधिकारी नरेश बाबू ने बताया ईडब्ल्यूएस के तहत करीब 800 आवंटियों ने बकाया राशि जमा नहीं की है। उन पर नियमानुसार ब्याज लग रहा है। लेकिन बकायदारों की मांग पर ओटीएस योजना उनके लाभ के लिए लाई जा रही है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में यह योजना शुरू की जाएगी।
खास बात
आठ सौ आवंटियों पर है चार करोड़ रुपयों से अधिक की धनराशि बकाया