कंकरखेड़ा। नेशनल हाईवे स्थित श्रीराम कॉलेज में आईटीआई के छात्रों ने परीक्षा में फेल होने पर मंगलवार को हंगामा प्रदर्शन किया।
छात्रों का नेतृत्व कर रहे आईटीआई के छात्र जतिन कुमार ने आरोप लगाया कि प्रवेश के समय कॉलेज प्रशासन ने प्रत्येक छात्र से 35-35 हजार रुपये वसूले थे। दावा किया था कि छात्रों को हर हाल में परीक्षा में पास कराया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर के दर्जनों छात्र फेल हो गए। अब छात्रों से वसूले गए पैसे भी वापिस नहीं किए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों से मामले की जानकारी ली।
छात्रों ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय पर भी कॉलेज के खिलाफ लिखित शिकायत की गई है। यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अंकित कुमार, दीपक कुमार, रिंकू कुमार, जतिन कुमार, अमर पाल, विजय कुमार, सोनू, राजेंद्र, मोहन आदि मौजूद रहे। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा पीपी सिंह का कहना है कि छात्रों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, कॉलेज के रजिस्ट्रार आशीष कुमार के अनुसार छात्रों के आरोप निराधार हैं। छात्रों को ठीक से मामले की जानकारी नहीं है। बेवजह ही आरोप लगाए जा रहे हैं। दो दिन बाद छात्रों को वार्ता के लिए कॉलेज बुलाया गया है।
- कॉलेज प्रशासन पर लगाया अवैध वसूली करने का आरोप