मेरठ। भाजपा के उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने डीएम को पत्र लिखा है। इसमें यातायात और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्रवाई की बात कही।
उन्होंने बताया कि जाम के कारणों में बस अड्डे, मल्टीलेवल पार्किंग का पीपी मॉडल पर न होना, आउटर/इनर रिंग रोड न बनना, हापुड़ अड्डे व बेगमपुल पर फुट ओवरब्रिज न बनना, सड़कों व चौराहों को अधिकतम चौड़ाई तक खाली यातायात योग्य न बनाना है। साथ ही ट्रैफिक लाइट व सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था न होना और आवश्यक संख्या में ट्रैफिक पुलिस का न होना, ऑटो ई-रिक्शा की बाढ़, यू टर्न के लिए मोहननगर जैसी व्यवस्था न बनना आदि कारण हैं। इन कारणों का निवारण कर जाम और यातायात की समस्या को काबू किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एसपी ट्रैफिक, आरटीओ, मेरठ विकास प्राधिकरण और नगर निगम में पिछले दिनों संपर्क किया। साथ ही उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन भी इस समस्या के निदान में सहयोगी हो सकता है, क्योंकि अंडर ग्राउंड केबिल व्यवस्था कर खंभों को हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यातायात माह शुरू हो गया है, इसमें जन जागरण के साथ-साथ प्रत्येक चौराहे पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाकर और लोगों की आदत पड़े इसलिए रस्सी लेकर सिग्नल लाइट और चौराहों पर प्रशिक्षु सिपाहियों की ड्यूटी लगाई जाए। इस दौरान नरेंद्र उपाध्याय, अखिलेश शास्त्री, राकेश शर्मा, राजू खटीक, कुलदीप, शिवा विनय वाल्मीकि आदि रहे।