मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के बीए, बीएससी, बीकॉम और बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन बंद हो गए हैं। सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन बीए में करीब 80 हजार हुए हैं। रजिस्ट्रेशन के आखिरी दिन कुछ आवेदकों ने अपने फार्म में एडिटिंग की है। करीब 400 आवेदकों ने फार्म कंपलीट करने से पहले वह कॉलेज और कोर्स चुनना भूल गए। ऐसे आवेदकों को संदेश भेजा जा रहा है। इनका नाम पहली मेरिट में नहीं आएगा। दूसरी मेरिट में इनको मौका दिया जाएगा। करीब नौ हजार आवेदक ऐसे हैं जिन्होंने रजिस्ट्रेशन शुरू करने के बाद कॉलेज नहीं चुना और फीस जमा नहीं की।
विवि के एडमिशन पोर्टल के मुताबिक मेरठ और सहारनपुर मंडल में एक लाख 85 हजार रजिस्ट्रेशन हुए हैं। एमए, एमकॉम, एमएससी और ग्रेजुएशन तथा पोस्ट ग्रेजुएशन प्रोफेशनल कोर्स के रजिस्ट्रेशन 25 जुलाई तक होंगे। मेरिट 20 जुलाई शाम को जारी की जाएगी। तीन दिन की छुट्टी होने की वजह से दाखिले 24 से 26 जुलाई तक होंगे। उसके बाद दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। विवि कॉलेजों के लिए सिर्फ दो मेरिट जारी करेगा। दो ओपन मेरिट से दाखिले करने का अधिकार विवि ने इस बार कॉलेजों को दिया है।
रजिस्ट्रेशन कम, जल्दी खत्म होंगे दाखिले
दाखिले के लिए सत्र 2017-18 में पिछले सालों के मुकाबले कम रजिस्ट्रेशन हुए हैं। हालांकि राजकीय और एडेड कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन सीट से कई गुणा अधिक हैं। परेशानी सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के सामने है। एक तो रजिस्ट्रेशन कम हुए हैं। दूसरे दाखिला प्रक्रिया साथ-साथ चलेगी। ऐसे में उनकी सीट भरना बड़ी चुनौती होगी।
नौ हजार का क्या होगा
रजिस्ट्रेशन की डेट खत्म होने के बाद करीब नौ हजार आवेदक ऐसे हैं जिन्होंने कॉलेज नहीं चुना और ऑनलाइन फीस जमा नहीं की। इन पर विवि को निर्णय करना है। विवि इनको मौका दे सकता है। कुलपति को इस पर निर्णय करेंगे।
छात्रों के रजिस्ट्रेशन का हाल
कोर्स रजिस्ट्रेशन
बीए 79162
बीकॉम 26098
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस 9561
बीएससी ऑनर्स कैंपस 439
बीएससी बायो 110721
बीएससी मैथ 7369
बीएससी सांख्यिकी 1555
बीएससी एग्रीकल्चर 4801
नोट : एक आवेदक के पास अधिकतम पांच कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन करने का अधिकार था। योग्यता के मुताबिक एक आवेदक ने कई कोर्स में भी आवेदन किया है। उक्त आंकड़े कोर्स के हिसाब से यूनीक हैं।