गिरफ्तारी में फेल पुलिस ने रोकी हंटर वाली आसमां की तलाश
मेरठ। बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की हंटर वाली बेटी आसमां को गिरफ्तार करने में पुलिस फेल साबित हुई है। दबिश देने का दावा करने वाली सदर बाजार पुलिस भी अब शांत बैठ गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी व पीड़ित परिवार के लोगों में समझौता हो गया है। हालांकि स्कूल प्रशासन की ओर से हुआ मुकदमा आसमां और अन्य आरोपियों के गले की हड्डी बना हुआ है।
वेस्ट एंड रोड स्थित एमपीजीएस में छात्राओं और शिक्षिकाओं पर हंटर चलाने वाली आसमां पुलिस से कोसों दूर है। आसमां ने खुद को बीमार बताकर सोमवार को कोर्ट में अर्जी लगाई थी। जिसकी तिथि अब 24 जुलाई लगी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के आवास पर फिर दबिश दी जाएगी। पुलिस का मानना है कि याकूब के एक रिश्तेदार के घर पर आरोपी आसमां और नरगिस छुपी हैं। लेकिन पुलिस फिर भी उन्हें पकड़ने में नाकामयाब साबित हो रही है। पुलिस का मुखबिर तंत्र भी फेल साबित हो गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस 24 जुलाई तक आसमां के सरेंडर का इंतजार कर रही है। पुलिस मानकर चल रही है कि आसमां के परिजनों ने पीड़ित परिवार से समझौता कर लिया है। लेकिन एमपीजीएस प्रबंधन द्वारा दर्ज कराए मुकदमे को निपटाने में उनको पसीने छूट रहे हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि स्कूल प्रशासन द्वारा दर्ज केस में गंभीर धाराएं लगी हैं, जिनमें आसमां का जेल जाना तय है।
खास बात
- पुलिस बोली अब 24 जुलाई के बाद करेंगे कार्रवाई
- पीड़ित परिवार से समझौते की बातचीत भी चल रही