मेरठ। लिसाड़ी गेट पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाह से जुड़े दो अलग-अलग मामलों का बुधवार को पटाक्षेप कर दिया। पुलिस ने कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर गली नंबर-8 में कुछ असामाजिक तत्वों ने बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक महिला की पिटाई कर दी थी।
पुलिस ने मशक्कत के बाद महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने भिजवाया। जहां महिला ने 21 नामजद व 150-160 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
इसी तरह की अफवाह फैलाते हुए असामाजिक तत्वों ने समर गार्डन में भी एक युवक पर हमला किया। दोनों ही मामलों का पुलिस ने संज्ञान लिया और बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वाले 13 लोगों को धर दबोचा।
एसपी सिटी ने बताया कि लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर नजीर अली खां और पिलोखड़ी चौकी प्रभारी अजय शर्मा ने महिला पर हमला करने के आरोपी लिसाड़ीगेट निवासी अरशद पुत्र नईम, अमजद पुत्र नईम, फैयाज पुत्र अहीद, आमिर पुत्र अब्दुल वहाब, शाहरुख पुत्र फारूख, उमर फारूख पुत्र महफूज, समीर पुत्र शौकत के अलावा ब्रह्मपुरी निवासी कलवा पुत्र बाबू, अजमत पुत्र नसीम और सलमान पुत्र जुल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
वहीं, समरगार्डन मामले में पुलिस ने युवक पर हमला करने के आरोपी सरताज पुत्र मोबीन, साजिद पुत्र अल्ला मेहर और शादाब पुत्र शहीद निवासी लिसाड़ीगेट को जेल भेजा है। बाकी आरोपी भी जल्द गिरफ्तार होंगे।