मूल रूप से बुलंदशहर के भटौना और वर्तमान में चाणक्यपुरी में रहने वाले देवेंद्र तेवतिया चौधरी चरण सिंह विवि में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। देवेंद्र का 17 वर्षीय बेटा गगन तेवतिया कक्षा 12 की पढ़ाई कर रहा था। गगन अपने दोस्त भोपाल विहार निवासी इंटर के छात्र और नौचंदी थाने के पुलिस क्वार्टर में रहने वाले 12वीं के छात्र के साथ राली चौहान घेसुपुर मार्ग काली नदी के पास ट्यूबवेल पर नहाने गया था। भावनपुर पुलिस के मुताबिक, जब वे मौके पर पहुंचे तो ट्यूबवेल के पास गगन का शव पड़ा था। उसकी कनपटी पर बायीं तरफ गोली लगी थी। बाएं हाथ में तमंचा पकड़ा था। एक दोस्त वहीं मौजूद था और दूसरा दोस्त जा चुका था। एक के पिता देहात के एक थाने में दरोगा हैं, दूसरे के पिता सेना से रिटायर्ड हैं। गगन के तहेरे भाई शिवम तेवतिया ने दोनों दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का रोकर बुरा हाल
गगन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। मां बबीता, छोटा भाई अंकुश, पिता देवेंद्र का रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बोली, हनी ट्रैप में भी फंस चुका है गगन
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले एक महिला ने गगन को हनी ट्रैप में फंसा लिया और डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद भी वह लगातार फोन करके पैसा ऐंठा करती थी, जिसको लेकर गगन तनाव में था। गगन के मोबाइल में कुछ सबूत भी इसके मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
किसी युवती को भेजा मैसेज
पुलिस को गगन के मोबाइल में एक मैसेज मिला है, जिसको उसने किसी युवती को भेजा है। लिखा है कि मुझे माफ कर देना। मैंने आपसे वादा किया था, हमेशा आपके साथ रहूंगा। मैं आपके बिना जीना नहीं चाहता। तुम मुझे बहुत पसंद हो। अगले जन्म में हम जरूर मिलेंगे। सच्ची में आपसे बहुत प्यार करता हूं। प्लीज मुझे माफ कर देना। लव यू। प्लीज मम्मी-पापा का ध्यान रखना। तुम सच में बहुत अच्छी हो बिल्कुल भी मत रोना। यह मैसेज गगन ने भेजा है या उसके दोस्तों ने हत्या करने के बाद भेजा है। इसकी पुलिस जांच कर रही है।
हिरासत में बैठा दोस्त बोला, मुझसे कहा- मैसेज देख ले और मार ली गोली
हिरासत में बैठे गगन के दोस्त ने पुलिस को बताया कि गगन ने उससे कहा कि तुझको एक वॉयस मैसेज भेजा है। इसको मेरी मम्मी को भेज देना। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता गगन ने तमंचे से कनपटी पर गोली मार ली। पुलिस दूसरे दोस्त के मोबाइल की सीडीआर भी देखेगी। पुलिस जांच करेगी कि मोबाइल में बताया गया मैसेज आया था, या फिर कोई कहानी गढ़ी गई है। मोबाइल में जो मैसेज युवती को भेजा गया है, वह मरने से कितनी देर पहले का है, इसकी भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मानवता शर्मसार: CHC में तड़पती रही दुष्कर्म पीड़िता, नहीं पसीजा अफसरों का दिल, खुले में मृत बच्चे को दिया जन्म