मंडप के बाहर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से घायल हुआ दुल्हन का भतीजा।
- फोटो : MAWANA
मवाना। मवाना में देररात तेज गति में रेस लगा रहे दो ट्रक चालकों ने विवाह मंडप के बाहर कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। घटना के समय दुल्हन की विदाई हो रही थी। काफी लोग बाहर खड़े हुए थे। ट्रक की चपेट में आने से करीब एक दर्जल घराती व बाराती घायल हो गए। दोनों चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची थाना पुलिस दोनों ट्रक थाने ले आई। वहीं आरोपी चालकों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला मुन्नालाल जहीरुद्दीन की बेटी की शादी समारोह मेरठ रोड उत्सव मंडप में चल रहा था। परिजनों के मुताबिक रात में रुखसती के समय दूल्हा-दुल्हन सहित सभी लोग बाहर खड़े हुए थे। तभी चावल से लदे दो ट्रक तेजी में एक साथ आते दिखाई दिए। दोनों ट्रक चालक रेस लगा रहे थे। इस दौरान ट्रकों ने मंडप के बाहर खड़ी गाड़ियों में टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से करीब एक दर्ज बाराती व घराती घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तरफरी मच गई। सभी को निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। जिस कार में दूल्हा - दुल्हन को जाना था टक्कर से वह भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना थाना पुलिस को दी गई। जानकारी पर थाना पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली।
ये लोग हुए घायल
ट्रक की चपेट में आने से सायान, कासिफ, गुलजार निवासीगण मोहल्ला मुन्नालाल तथा बाराती पक्ष से आरिफ, रहीश, साजिद, रहीशु निवासीगण जिला बुलंदशहर घायल हुए हैं। घटना में दुल्हन के दो भतीजे घायल हो गए। इस संबंध में दुल्हन के भाई मौ. सलीम ने थाने में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मंडप के बाहर खडी कार. जो दुल्हे को दी जानी थी, ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। - फोटो : MAWANA
मवाना में मंडप के बाहर खडी कार, जिसको ट्रक ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।- फोटो : MAWANA