मेरठ। माल रोड पर रविवार शाम एक युवती ने लालकुर्ती थाने के सामने कार से कूदने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैैफिक पुलिस ने कार को रुकवा लिया। कार में बैठी युवती ने शोर मचा दिया कि कार सवार लोग उसे अगवा कर ले जा रहे हैं। हंगामे की सूचना पर लालकुर्ती इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी है।
सिद्धार्थनगर निवासी एक युवती का बीटेक में पढ़ाई करने वाले वहीं के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों ने दो जून को एक अन्य युवक से शादी तय कर दी है। इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई और आर्य समाज मंदिर में शादी करने के लिए प्रेमी युगल मेरठ पहुंच गए। मेरठ में युवक के परिवार के अन्य लोग भी रहते हैं। परिवार के लोगों ने युवक को युवती के साथ बस अड्डे पर देख लिया। उन्होंने दोनों को कार में बैठा लिया और जबरन लेकर चल दिए। लालकुर्ती थाने के सामने युवती ने अपहरण का शोर मचा दिया। थाने के सामने बीच सड़क पर हंगामा हो गया। इंस्पेक्टर लालकुर्ती रोजंत त्यागी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने ले गये। युवती ने कहा कि वह प्रेेमी के साथ शादी करना चाहती है। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों के परिजनों को फोन करके बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।