अमर उजाला ब्यूरो
किठौर। हापुड़ के लोधीपुर शोभन के संकट मोचन हनुमान मंदिर में चल रही सात दिवसीय जन कल्याणार्थ सात कुंडीय मारुति महायज्ञ एवं भागवत महापुराण कथा में चौथे दिन सुबह में पूजा-अर्चना, हवन के बाद श्रीमद् भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का वर्णन किया गया। जिसमें श्रीकृष्ण जन्म का होते ही पंडाल जयकारों से गूंज गया और मौजूद सभी श्रद्धालु जमकर झूमे। इस दौरान माहौल भक्तियम हो गया।
कथा वाचक श्रवण कुमार ने बताया कि गजेंद्र मोझ की कथा में सिद्ध होता है कि भगवन नाम ही 84 योनियों की कुंजी है। हाथी ने नारायण का नाम जपने से भगवत प्राप्ति का संदेश जनमानस तक पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि हमारा जीवन ही गजेंद्र मोझ का रूप है। उन्होंने समुंद्र मंथन, बलि-बामन जीवन संवाद एवं राम जन्म कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि राम चरित्र को अपने जीवन में उतारना चाहिए। प्रात: काल उठकर रघुनाथ, माता-पिता, गुरु आदि बड़ों को प्रणाम करने से आयु, विद्या, यश और बल प्राप्त होता है। इसके बाद कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का वर्णन किया गया। मंदिर के महाराज रामदास जी ने बताया कि हनुमान जी की झांकी निकालने की मंगलवार को प्रशासन से मिली है। जिनकी शोभायात्रा शाम तीन बजे मंदिर से प्रारम्भ होकर आसपास के करीब 10 गांवों से निकाली जाएगी तथा देर शाम मंदिर में ही विश्राम करेगी। इस मौके पर जयवीर सिंह, सतेंद्र मोरल, रामवीर सिंह, संजीव, शिवकुमार, दिनेश, कुशल आदि मौजूद रहे।