कुंवर भारतेंद्र का पुतला फूंका, काले झंडे दिखाए
दोबारा टिकट मिलने पर होने लगा है विरोध, रामराज में भाजपाई ही खिलाफ
बहसूमा/मवाना। बिजनौर लोकसभा से दोबारा टिकट मिलने के बाद सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह का भी विरोध होने लगा है। शुक्रवार को कुंवर भारतेंद्र को रामराज तिराहे पर ठाकुर समाज के लोगों ने काले झंडे दिखाए। वहीं मवाना खुर्द में सांसद के सामने ही नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका गया। सांसद पर विकास कार्य न कराने और पांच साल तक क्षेत्र में न आने का आरोप लगाया गया।
शुक्रवार को बिजनौर जाते समय रामराज तिराहे पर ठाकुर समाज की ओर से उन्हें काले झंडे दिखाए गए और रामराज में नहीं घुसने देने तक की चेतावनी दी गई। ठाकुर देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं भाजपा में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं। रामराज में भाजपा के वरिष्ठ नेता आजाद बंसल का कहना है कि पांच साल में कुंवर भारतेंद्र ने रामराज मेें आना गवारा नहीं किया। वे प्रत्याशी को नहीं, नरेंद्र मोदी को वोट करेंगे।
इसके बाद कुंवर भारतेंद्र मवाना खुर्द पहुंचे। यहां प्रधान पति अजय त्यागी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सांसद के काफिले का घेराव किया और काफिले के सामने ही खड़े होकर सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। ग्रामीणों का आरोप था कि बीते पांच सालों में सांसद गांव में दिखाई नहीं दिए और न कोई विकास कार्य कराया। कुंवर भारतेंद्र यहां कुछ बोले बिना ही चले गए। पुतला फूंकने वालों में राज किशोर, मनोज त्यागी, संजय शर्मा, सतीश, आनंद, रिंकू, नवनीत, अनीस अहमद, लोकेंद्र, चीनू, अमरीश आदि शामिल रहे।
यहां से सांसद का काफिला मवाना बड़ा महादेव मंदिर पर पहुंचा, तो कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सांसद ने कहा कि विरोध करने वालों का अपना व्यक्तिगत मामला है। यहां चुनाव देश हित के लिए हो रहा है। इस दौरान सुभाष दीक्षित, नरेश बाला, कपिल शर्मा, आशीष रस्तोगी, निपुण चौहान, प्रवीण जैन, विनय गोयल, मुकुल रस्तोगी, दीपक धमीजा, योगेश शर्मा, डॉ. सुशील, रवि गोला आदि मौजूद रहे।