गाजियाबाद के लिए...
लोकप्रिय अस्पताल में हुआ दोनाें कूल्हों का प्रत्यारोपण
गाजियाबाद के लेखराज सात साल से थे एपीएन हिप बीमारी से पीड़ित
मेरठ। दर्द निवारक दवाइयों पर जिंदगी बसर कर रहे लेखराज को लोकप्रिय अस्पताल के चिकित्सकों ने नया जीवन दिया है। लेखराज काफी समय से कूल्हों की पीड़ा से परेशान थे। कई बड़े अस्पतालों में इलाज के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली थी। लोकप्रिय अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने उनके दोनाें कूल्हों का सफल प्रत्यारोपण किया।
गाजियाबाद निवासी 26 वर्षीय लेखराज कूल्हों में दर्द के कारण सात साल से परेशान थे। कोशिकाओं में खून की सप्लाई न होने के कारण लेखराज के दोनों कूल्हे सूख गए थे। उनका चलना-फिरना ही नहीं, उठना-बैठना तक दूभर हो गया था। चार साल पहले एमआरआई कराई, जिसमें पता चला कि उन्हें एपीएन हिप नामक बीमारी है और ये धीरे-धीरे बढ़ रही है।
लोकप्रिय अस्पताल के डा. रविंद्र सिंह और डा. रिद्धिवर्धन की टीम ने शुक्रवार को लेखराज के दोनों कूल्हों का सफल प्रत्यारोपण किया। यह ऑपरेशन लगभग साढ़े चार घंटे चला। डा. रिद्धिवर्धन ने बताया कि एपीएन हिप बीमारी शराब का सेवन करने, दर्द निवारक गोलियों का सेवन, पुरानी चोट के कारण, खून की बीमारी आदि के कारण होती है।