मवाना। लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के दूसरे दिन सोमवार को भी छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
प्राचार्या डॉ. शक्ति साहनी एवं कार्यक्रम अधिकारी सरोज चौहान के नेतृत्व में शिविर के दूसरे दिन छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। मोहल्ला तिहाई के स्वामी पूरणदास कन्या जूनियर हाईस्कूल में शिविर का मुख्यालय बनाया गया। इस दौरान छात्राओं ने रैली के माध्यम से दलित बस्ती तथा शिवपुरी के लोगों को जागरूक किया। शिविर के प्रथम सत्र में पोस्टर एवं स्लोगन बनाए गए। इसके बाद लघु नाटिका का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी सरोज चौहान ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, बीनू, मानसी, फातिमा, पूजा, आयशा, श्वेता, महजबी, मेघा ने मतदाता जागरुकता पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में मताधिकार जनता की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। सरकार को बनाने तथा हटाने की शक्ति जनता के पास है। कार्यक्रम का संचालन नीशू ने किया।